उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को वाराणसी दौरे पर पहुंचे। काशी आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने हेलिकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा की।
आज बाबा विश्वनाथ और कालभैरव के दर्शन
मुख्यमंत्री गुरुवार शाम श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा कालभैरव के दरबार में दर्शन-पूजन करेंगे। श्रावण माह में कांवड़ियों और शिवभक्तों के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा भी उनके कार्यक्रम में शामिल है। इसके अलावा, वह सारनाथ स्थित केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान का दौरा भी कर सकते हैं।
शुक्रवार को जनजातीय कार्यक्रम में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री शुक्रवार को वसंता कॉलेज में आयोजित बिरसा मुंडा एवं जनजातीय समुदाय से संबंधित कार्यक्रम में भाग लेंगे। साथ ही जेल रोड पर विकसित हो रहे ‘संगीत पथ’ का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे किसी एक प्रमुख निर्माण परियोजना का दौरा कर वहां की प्रगति की जानकारी लेंगे। अंत में अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी योजनाओं पर चर्चा करेंगे।
सीएम के दौरे से पहले तैयारियों का जायजा
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले बुधवार को सचिव विवेक अग्रवाल, केंद्रीय तिब्बती शिक्षा संस्थान के संयुक्त सचिव समर नंदा, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक यदुवीर सिंह रावत सहित सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सारनाथ संग्रहालय का दौरा किया। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतीक ‘सिंह स्तंभ’ सहित कई पुरावशेषों का अवलोकन किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मूलगंध कुटी, प्राचीन बौद्ध मंदिर के अवशेष, अशोक स्तंभ और धमेख स्तूप सहित कई पुरातात्विक स्थलों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही, उन्होंने केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान में स्थित सोवा रिगपा अस्पताल का भ्रमण कर उपचार सुविधाओं की समीक्षा की।
दौरे को लेकर वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सुरक्षा एवं प्रबंधन को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।