मुजफ्फरनगर। केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2024 के लिए आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण में मुज़फ्फरनगर नगर पालिका ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए खुद को देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में शामिल कर लिया है। इस बार शहर को राष्ट्रीय स्तर पर 36वां और उत्तर प्रदेश में 46वां स्थान प्राप्त हुआ है, जो बीते वर्षों की तुलना में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने इस सफलता का श्रेय नगरवासियों, सफाईकर्मियों, पालिका बोर्ड व अधिकारियों को देते हुए इसे सामूहिक प्रयासों का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि शहर की साफ-सफाई में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए गए और लोगों को भी इस अभियान में जोड़ा गया।
29 मार्च को हुआ था सर्वेक्षण
भारत सरकार की सात सदस्यीय टीम ने 29 मार्च को शहर में पहुंचकर 55 वार्डों में सफाई की स्थिति, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह, एमआरएफ सेंटर, वॉल पेंटिंग, एसटीपी प्लांट, सार्वजनिक शौचालय और अन्य स्वच्छता बिंदुओं का निरीक्षण किया था। स्थानीय नागरिकों से सीधे फीडबैक भी लिया गया, जिसकी रिपोर्ट अब जारी की गई है।
पिछले वर्षों में ऐसा रहा प्रदर्शन
पिछले वर्ष यानी 2023 में नगर पालिका को राष्ट्रीय स्तर पर 264वां स्थान और प्रदेश में 56वां स्थान प्राप्त हुआ था। उससे पहले 2022 में राष्ट्रीय रैंक 237वीं और प्रदेश रैंक 45वीं थी।
2021 में 344वीं (राष्ट्रीय) और 56वीं (प्रदेश),
2020 में 214वीं (राष्ट्रीय) और 33वीं (प्रदेश),
जबकि 2019 में 371वीं (राष्ट्रीय) और 98वीं (प्रदेश) रैंक मिली थी।
अगला लक्ष्य: यूपी में पहला स्थान
पालिकाध्यक्ष ने आशा जताई कि जिस तरह नगरवासियों ने सहयोग दिया है, उसी उत्साह से काम जारी रहा तो आने वाले वर्षों में मुज़फ्फरनगर को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।