शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। संपत्ति को लेकर उपजे विवाद ने एक परिवार को खून से रंग दिया। शाहपुर क्षेत्र के सुजड़ू गांव में एक युवक ने अपनी सौतेली मां की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सुजड़ू निवासी महराज की पहली पत्नी का दो वर्ष पूर्व निधन हो गया था। उससे महराज के चार बेटियां और एक बेटा आलम है। सभी संतानें विवाहित हैं। पत्नी की मौत के बाद महराज ने करीब एक साल पूर्व मेरठ निवासी 50 वर्षीय रजिया से निकाह कर लिया था, जिनके भी चार बच्चे हैं।
महराज के पास दो बीघा जमीन है, जिसे किराए पर देकर उन्होंने प्लास्टिक दाने की एक फैक्ट्री लगवा रखी है। दूसरी शादी से नाराज़ आलम ने अपने पिता और सौतेली मां को घर से निकाल दिया था, जिसके बाद दोनों फैक्ट्री परिसर में ही रहने लगे थे।
गुरुवार को हुआ खौफनाक घटनाक्रम
पुलिस के मुताबिक गुरुवार को दिन में संपत्ति को लेकर महराज और आलम के बीच जमकर बहस हुई थी। शाम को महराज किसी विवाह समारोह में चला गया, उस वक्त रजिया अकेली थीं। इसी दौरान वहां पहुंचे आलम ने फावड़े से रजिया के सिर और हाथ पर वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी आलम को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच की जा रही है और सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।