यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से छह की मौत, दो गंभीर घायल

मथुरा जनपद के बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा माइलस्टोन 140 के पास उस वक्त हुआ, जब एक अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार ईको गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई।

पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नोएडा से आगरा जा रहे थे यात्री

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईको गाड़ी सवार सभी लोग नोएडा से आगरा की ओर जा रहे थे। मृतकों में धर्मवीर पुत्र जवर सिंह, रोहित पुत्र धर्मवीर, आर्यन पुत्र धर्मवीर (तीनों निवासी हलालपुरा, थाना बासोनी, आगरा), दलवीर उर्फ छुल्ले और पारस सिंह तोमर (दोनों निवासी ग्राम बढ़पुरा हुसैद, थाना महोबा, मध्य प्रदेश) शामिल हैं।

घायलों की पहचान सोनी (पत्नी धर्मवीर) और पायल (पुत्री धर्मवीर) के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीओ संजीव कुमार राय और थाना प्रभारी रंजना सचान ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने घायलों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई।

एक्सप्रेसवे पर बस पलटी, दो दर्जन यात्री घायल

इसी थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक और हादसे में एक यात्री बस पलट गई। यह दुर्घटना माइलस्टोन 131 के पास उस वक्त हुई, जब ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई। दिल्ली से मध्य प्रदेश के भिंड जा रही इस बस में 60 से 65 यात्री सवार थे। हादसे में कुल 29 यात्री घायल हुए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

गंभीर रूप से घायल यात्रियों में अक्षय, पूजा (पुत्री रामवृक्ष), मोनू रावत (पुत्र मुंशी रावत) और राहुल रावत (पुत्र बाबूलाल) शामिल हैं। इन सभी को जिला अस्पताल भेजा गया है। बाकी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अन्य वाहनों के माध्यम से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here