झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही क्षेत्र में शनिवार सुबह एक आयरन फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट हो गया। आशंका है कि इस हादसे में चार से अधिक मजदूरों की जान चली गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा फैक्ट्री में कार्य के दौरान भट्टी फटने के कारण हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या फैक्ट्री परिसर के बाहर इकट्ठा हो गई, लेकिन फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा परिसर का गेट बंद रखा गया, जिससे आक्रोश का माहौल भी देखने को मिला।
प्रशासन को घटना की जानकारी मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है और मृतकों की पहचान की कोशिश की जा रही है।