ओडिशा में बिगड़ी कानून व्यवस्था, पुरी की घटना पर पटनायक का हमला

ओडिशा के पुरी जिले में एक किशोरी को कथित रूप से आग लगाने की घटना ने राज्य भर में आक्रोश फैला दिया है। इस घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और बीजद प्रमुख नवीन पटनायक ने मौजूदा भाजपा सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे प्रशासनिक विफलता करार दिया।

पटनायक ने लिखा कि बलंगा क्षेत्र में एक किशोरी को दिनदहाड़े आग के हवाले किया गया, यह घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि हाल के हफ्तों में यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले एफएम कॉलेज की एक छात्रा ने न्याय न मिलने पर खुद को आग लगा ली थी।

पटनायक ने सवाल किया कि क्या सरकार इस बार भी चुप बैठी रहेगी? उन्होंने कहा कि ये अलग-अलग घटनाएं नहीं बल्कि व्यवस्था की गहरी कमी का संकेत हैं। अपराधियों में कानून का भय खत्म होता जा रहा है और राजनीतिक संरक्षण के चलते महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने सरकार से पूछा, “क्या अब भी नींद से नहीं जागेगी? क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे?”

कांग्रेस ने भी राज्य सरकार को घेरा, कहा— बने सख्त कानून

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रीकांत जेना ने भी राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रशासन पीड़ितों के प्रति संवेदनशील नहीं दिख रहा। उन्होंने बताया कि पीड़िता 12वीं की छात्रा थी और ट्यूशन से लौटते समय कुछ युवकों ने उस पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। जेना ने कहा, “सरकार को चाहिए कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाए जिससे अपराधियों में भय पैदा हो।”

जिला प्रशासन ने कहा— चल रहा है इलाज, आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई

पुरी के जिलाधिकारी चंचल राणा ने बताया कि घटना निमापाड़ा ब्लॉक के अंतर्गत बालांडा थाना क्षेत्र की है। गंभीर रूप से झुलसी 16 वर्षीय पीड़िता को भुवनेश्वर के एम्स में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा इलाज और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था की गई है और पीड़िता को हरसंभव सहायता दी जाएगी।

उपमुख्यमंत्री परिदा का बयान— दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा

ओडिशा की उपमुख्यमंत्री पार्वती परिदा ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़िता के इलाज के लिए हर संभव मदद दे रही है और मामले की जांच तेजी से की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here