इंडोनेशिया में रविवार को समुद्र में एक बड़ा हादसा हो गया। सुलावेसी द्वीप के पास एक यात्री जहाज में भीषण आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 280 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे के समय जहाज समुद्र के बीचोंबीच था, जिससे कई लोग जान बचाने के लिए पानी में कूद गए। कई यात्रियों ने इस खौफनाक मंजर को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड भी किया।
मनादो जा रहा था जहाज, बीच समुद्र में लगी आग
जानकारी के अनुसार, ‘केएम बार्सिलोना 5’ नामक यह जहाज उत्तरी सुलावेसी की राजधानी मनादो की ओर जा रहा था। यह जहाज तलौद जिले से रवाना हुआ था। तालिसे द्वीप के पास समुद्र में अचानक जहाज में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते जहाज से लपटें और घना काला धुआं उठने लगा।
तीन नौसेना पोतों की मदद से चला रेस्क्यू ऑपरेशन
इंडोनेशियाई नौसेना के बेड़े कमान के कमांडर वाइस एडमिरल डेनिह हेंड्राटा ने बताया कि बचाव के लिए तीन नौसेना जहाज मौके पर भेजे गए। अब तक 284 यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। स्थानीय मछुआरों ने भी राहत कार्य में भाग लिया और समुद्र में बहते लोगों को सुरक्षित किनारे पहुंचाया।
गर्भवती महिला समेत पांच शव बरामद
बचाव दल को अब तक पांच शव मिले हैं, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खामी या शॉर्ट सर्किट को संभावित वजह माना जा रहा है।
वीडियो में दिखा डरावना दृश्य, सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा गया कि घबराए यात्री लाइफ जैकेट पहनकर समुद्र में कूद रहे थे। कुछ लोग बिना जैकेट के ही पानी में उतर गए। एक महिला द्वारा फिल्माए गए वीडियो में वह खुद आग से लगभग 10 से 15 मीटर दूर तैरती नजर आई। तस्वीरों में लोग जान बचाने के लिए चिल्लाते हुए दिखाई दे रहे हैं, और आग की लपटें पूरे जहाज को अपनी चपेट में ले रही हैं।
मछुआरों ने निभाई अहम भूमिका
तालिस द्वीप के पास से गुजर रही कई मछली पकड़ने वाली नावों ने त्वरित प्रतिक्रिया दी और डूबते यात्रियों को अपनी नावों पर चढ़ाकर किनारे पहुंचाया। राहत और बचाव कार्य फिलहाल जारी है और अधिकारी सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहे हैं।