नई दिल्ली। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश मुख्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी स्मृतियों को नमन किया।
पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र और पूर्व सांसद संदीप दीक्षित, पुत्री लतिका दीक्षित, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, पूर्व मंत्री नरेंद्र नाथ, पूर्व विधायक हसन अहमद और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता कार्यक्रम में उपस्थित रहे। दिल्ली कांग्रेस के कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन अनिल भारद्वाज भी इस अवसर पर मौजूद थे।
सभा के बाद संदीप दीक्षित ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि शीला दीक्षित द्वारा दिल्ली के लिए किए गए विकास कार्य आज भी लोगों को याद हैं। उन्होंने कहा, “दिल्ली को आधुनिक स्वरूप देने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। देशभर में अगर किसी ने प्रभावी विकास मॉडल पेश किया, तो वह शीला दीक्षित थीं।”
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने उन्हें आधुनिक दिल्ली की आधारशिला रखने वाली नेता बताते हुए कहा कि पार्टी उनके दिखाए मार्ग पर चलने की निरंतर कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, “उनका समर्पण, सेवा और दिल्ली के लोगों के प्रति प्रेम आज भी हमें प्रेरणा देता है। दिल्ली के विकास में उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।”
वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और अन्य मंत्रियों ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।