लखनऊ चारबाग स्टेशन पर अब व्हीलचेयर सेवा मुफ्त नहीं, यात्रियों को देना होगा शुल्क

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित चारबाग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली व्हीलचेयर सेवा अब मुफ्त नहीं रहेगी। अब यात्रियों को एक व्हीलचेयर के लिए ₹50 शुल्क और ₹500 बतौर सुरक्षा राशि अदा करनी होगी। वहीं, यदि कोई यात्री अटेंडेंट के साथ व्हीलचेयर लेना चाहता है, तो इसके लिए अतिरिक्त ₹150 का भुगतान करना होगा।

यह नई व्यवस्था चारबाग स्टेशन पर हाल ही में शुरू किए गए जनसुविधा केंद्र के माध्यम से लागू की गई है। चारबाग स्टेशन, उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के अंतर्गत आता है।

यात्री संघ ने जताया विरोध

दैनिक यात्री संघ ने इस निर्णय का विरोध किया है। संघ के अध्यक्ष एस.एस. उप्पल ने कहा कि व्हीलचेयर जैसी मूलभूत सुविधा पर शुल्क लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों के हितों के खिलाफ बताते हुए केंद्रीय रेल मंत्री से शिकायत की बात भी कही।

पहले मुफ्त मिलती थी सुविधा

स्टेशन पर वर्तमान में कुल 13 व्हीलचेयर हैं, जो पहले यात्रियों को आधार कार्ड दिखाकर निःशुल्क दी जाती थीं। हालांकि, अब जनसुविधा केंद्र द्वारा शुल्क आधारित सेवा लागू कर दी गई है। यह केंद्र रेलवे कोर्ट के पास, एस्केलेटर के नजदीक प्रमुख स्थान पर स्थित है, जिससे यहां व्हीलचेयर आसानी से उपलब्ध हो जाती हैं।

मुफ्त सेवा की भी व्यवस्था, लेकिन सीमित पहुंच

हालांकि प्लेटफॉर्म नंबर एक पर स्थित डिप्टी कमर्शियल कार्यालय में अभी भी व्हीलचेयर की निशुल्क सेवा उपलब्ध है, लेकिन आम यात्रियों के लिए वहां तक पहुंचना आसान नहीं होता। अन्य प्लेटफॉर्मों पर जाने वालों को यह सुविधा मिलना और भी मुश्किल हो जाता है। इसी कारण जनसुविधा केंद्र की सुलभता के चलते अधिकांश यात्री वहीं से व्हीलचेयर लेना पसंद करते हैं, पर अब उन्हें इसके लिए शुल्क देना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here