भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला का चौथा मुकाबला बुधवार से मैनचेस्टर में शुरू हुआ। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण दिया। पहले दिन स्टंप्स तक भारत ने चार विकेट के नुकसान पर 264 रन बना लिए थे। रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर क्रमशः 19-19 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं।
सलामी जोड़ी ने दिलाई मजबूत शुरुआत
यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की ओपनिंग जोड़ी ने भारत को सधी हुई शुरुआत दी। पहले सत्र में दोनों ने इंग्लिश गेंदबाजों को बांधे रखा। हालांकि, दूसरे सत्र में इंग्लैंड ने वापसी की। क्रिस वोक्स ने केएल राहुल (46 रन, 98 गेंद) को जैक क्रॉली के हाथों कैच कराया। इसके बाद लियाम डॉसन, जो आठ साल बाद टेस्ट क्रिकेट में लौटे हैं, ने यशस्वी जायसवाल (58 रन, 107 गेंद) को हैरी ब्रूक के हाथों कैच करवाया। यशस्वी ने 96 गेंदों में अपना 12वां अर्धशतक पूरा किया।
दूसरे सत्र में भारत ने तीन अहम विकेट गंवाए। शुभमन गिल केवल 12 रन बनाकर बेन स्टोक्स की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। तीसरे सत्र में ऋषभ पंत और साई सुदर्शन ने 72 रनों की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान पंत को चोट लग गई और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा।
पंत हुए गंभीर रूप से घायल
ऋषभ पंत मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन चोटिल हो गए। उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई, जिससे सूजन और खून बहने की स्थिति बन गई। उन्हें एंबुलेंस की मदद से मैदान से बाहर ले जाया गया, क्योंकि वे चलने में असमर्थ थे। इससे पहले पिछले टेस्ट में भी उनकी उंगली चोटिल हुई थी, जिसके कारण विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ध्रुव जुरेल को सौंपी गई थी। पंत ने 48 गेंदों में 37 रन बनाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल था।
सुदर्शन ने जड़ा पहला अर्धशतक
पहले दिन जायसवाल के अलावा साई सुदर्शन ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 151 गेंदों में सात चौकों की मदद से 61 रन बनाए। यह उनके टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक रहा। उन्हें स्टोक्स ने ब्रायडन कार्स के हाथों कैच करवाया। दिन का खेल खराब रोशनी के कारण निर्धारित समय से पहले समाप्त करना पड़ा।