ड्यूटी में लापरवाही पर सख्त एक्शन: खन्ना सिविल अस्पताल की महिला डॉक्टर निलंबित

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में खन्ना के सिविल अस्पताल की महिला डॉक्टर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। शुक्रवार सुबह मंत्री ने अचानक सिविल अस्पताल का दौरा किया और वहां की गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. कविता शर्मा को निलंबन के आदेश दे दिए।

मामले की जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले गर्भवती महिला मनदीप कौर इलाज के लिए अस्पताल पहुंची थी और वह तेज दर्द से परेशान थी। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर द्वारा फोन किए जाने पर भी डॉ. कविता ने आने से इनकार कर दिया और मरीज को रेफर करने की बात कही।

मनदीप की सास चरण कौर ने बताया कि वे सुबह करीब 7:30 बजे अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टर ने पहले ही कहा था कि डिलीवरी नॉर्मल होगी, इसलिए शाम को आने को कहा गया था। पर जब डॉक्टर ने रेफर करने की बात कही तो उन्होंने मना कर दिया, क्योंकि पिछले नौ महीने से इलाज डॉ. कविता के पास ही चल रहा था।

महिला डॉक्टर के मौके पर न पहुंचने से परिजनों ने अस्पताल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही शिरोमणि अकाली दल के स्थानीय नेता यादवेंद्र सिंह यादव भी अस्पताल पहुंचे और नाराजगी जाहिर की।

स्थिति गंभीर होती देख सिविल सर्जन डॉ. मनजिंदर सिंह भसीन खुद अस्पताल पहुंचे और उन्होंने सर्जरी कर महिला की जान बचाई, लेकिन इस बीच नवजात की मृत्यु हो गई।

परिवार का आरोप है कि अगर समय पर सर्जरी हो जाती, तो बच्चे की जान बच सकती थी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन और संबंधित डॉक्टरों को नवजात की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने सख्त कदम उठाते हुए डॉक्टर के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here