संविधान हमारे अधिकारों का सुरक्षा कवच: सांसद इकरा हसन

मुजफ्फरनगर। संविधान मान स्तंभ दिवस के अवसर पर शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संविधान से मिले अधिकार देश के नागरिकों के लिए एक सुरक्षा कवच की तरह हैं, लेकिन मौजूदा सरकार बार-बार ऐसे कानून लागू कर रही है जो संविधान की आत्मा को कमजोर करने का प्रयास करते हैं।

सांसद इकरा हसन ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में गरीब वर्ग के बच्चों को शिक्षा से वंचित किया जा रहा है और जनहित की नीतियों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में सरकार के तीनों अंगों न्यायपालिका, विधायिका और कार्यपालिका को निष्पक्ष और ईमानदारी से कार्य करना चाहिए।

उन्होंने हाल ही में सहारनपुर के एडीएम से हुए विवाद का उल्लेख करते हुए इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताया। इकरा हसन ने अफसरशाही पर निशाना साधते हुए कहा कि अधिकारियों की मनमानी लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार होना चाहिए और अधिकारी सत्ता का अनुचित इस्तेमाल न करें।

इकरा हसन ने 2024 के लोकसभा चुनावों में जनता के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार का परिणाम स्पष्ट संकेत है कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

उन्होंने सभी से संविधान की मर्यादाओं को बनाए रखने और जनता के सम्मान को सर्वोपरि रखने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here