पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों से उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल थे, लेकिन मंगलवार सुबह मौसम ने करवट ली और आसमान से राहत की फुहारें बरस पड़ीं। सुबह 9 बजे के आसपास शुरू हुई तेज बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे आमजन को काफी राहत मिली और किसानों के चेहरों पर भी संतोष नजर आया।
बारिश की शुरुआत के साथ ही आसमान में घने बादल छा गए और मौसम खुशनुमा हो गया। बीते सप्ताह तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ था, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा था। मंगलवार को हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया, हालांकि शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी बनी, जिससे लोगों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह मौसम खुशखबरी लेकर आया है। खेतों को जरूरी नमी मिलने से फसल उत्पादन बेहतर होने की संभावना जताई जा रही है।
भारतीय कृषि प्रणाली संस्थान, मोदीपुरम के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एम. शमीम के अनुसार, मंगलवार को 30 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने की संभावना है और अगले 24 घंटे तक ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं। इस बारिश से तापमान में कमी, वायु गुणवत्ता में सुधार और कृषि क्षेत्र को लाभ पहुंचने की उम्मीद है।
मेरठ का आज का मौसम और दिनमान:
- अधिकतम तापमान: 29.3°C
- न्यूनतम तापमान: 24.7°C
- हवा की गति: 13 किमी/घंटा
- आर्द्रता: 82%
- वर्षा की संभावना: 49%
- सूर्योदय: 05:38 AM
- सूर्यास्त: 07:13 PM
- चंद्रोदय: 09:49 AM
- चंद्रास्त: 09:58 PM