उत्तर प्रदेश को मिला नया मुख्य सचिव, एस.पी. गोयल ने संभाला कार्यभार

उत्तर प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश गोयल को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। गुरुवार को उन्होंने कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके नाम की औपचारिक घोषणा के साथ ही बीते कुछ दिनों से चल रही अटकलों पर विराम लग गया। कार्यभार ग्रहण के समय निवर्तमान मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

शशि प्रकाश गोयल 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और पूर्व में मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहले कार्यकाल से ही वह मुख्यमंत्री कार्यालय की प्रमुख जिम्मेदारी संभालते रहे हैं और प्रशासनिक निर्णयों में उनकी भूमिका अहम रही है।

मनोज कुमार सिंह को राज्य सरकार ने 30 जून 2024 को मुख्य सचिव नियुक्त किया था, लेकिन गुरुवार को वे सेवानिवृत्त हो गए। राज्य सरकार ने उन्हें एक वर्ष का सेवा विस्तार देने की सिफारिश करते हुए जुलाई के पहले सप्ताह में केंद्र सरकार को पत्र भेजा था, लेकिन केंद्र से स्वीकृति नहीं मिली।

हालांकि इससे पहले अनूप चंद्र पांडेय और दुर्गा शंकर मिश्र जैसे पूर्व मुख्य सचिवों को सेवा विस्तार मिल चुका है, जिनकी स्वीकृति अंतिम दिन तक आई थी। ऐसे में गुरुवार को दिनभर नौकरशाही में उत्सुकता बनी रही। अंततः केंद्र से सेवा विस्तार की मंजूरी न आने के बाद एस.पी. गोयल को मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंप दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here