लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री असीम अरुण के निजी सचिव जय किशन सिंह के खिलाफ एक महिला कर्मचारी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने आरोप लगाया है कि सचिव ने दफ्तर में कई बार उसके साथ अशोभनीय व्यवहार किया। गुरुवार को मंत्री से मुलाकात कर उसने अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद मंत्री ने तुरंत गोमतीनगर पुलिस को बुलाकर आरोपी को थाने भिजवाया।
यह मामला गोमतीनगर स्थित भागीदारी भवन का है, जहां महिला कर्मचारी आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत है। मंत्री असीम अरुण के दफ्तर में मौजूद रहते हुए महिला वहां पहुंची और रोते हुए आपबीती साझा की। महिला का आरोप है कि निजी सचिव जय किशन उसे बार-बार अपने कमरे में बुलाता और छेड़छाड़ करता था। विरोध करने पर वह नौकरी से निकालने की धमकी देता था।
महिला ने बताया कि यह घटना 28 जुलाई को तब हुई जब वह दफ्तर में अकेली थी। उस दौरान सचिव ने कथित रूप से उसके साथ अभद्रता की। शिकायत करने की बात कहने पर सचिव ने उससे दुर्व्यवहार किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी उसके पहनावे पर आपत्तिजनक टिप्पणियां करता और खुद को ऊंचे संबंधों वाला बताता था। इससे तंग आकर वह काम से घर लौट गई थी।
गुरुवार को मंत्री की उपस्थिति की जानकारी मिलते ही महिला दोबारा कार्यालय पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज कराई। मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को बुलाया और आरोपी को थाने भेजा गया। इस दौरान पुलिस द्वारा आरोपी को ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
डीसीपी शशांक सिंह के अनुसार, महिला की तहरीर पर आरोपी जय किशन सिंह के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पूछताछ के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। आरोपी विक्रांत खंड का निवासी बताया जा रहा है।