प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने देहरादून में प्रेसवार्ता कर राज्य की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने लोकतंत्र में विश्वास जताते हुए भारी संख्या में मतदान किया और कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत देकर समर्थन दिया। माहरा ने कांग्रेस नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के सहयोग के लिए भी धन्यवाद प्रकट किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनता ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर उठे सवालों के खिलाफ मतदान किया है। माहरा ने कहा कि हाईकोर्ट पहले ही सरकार और आयोग की कार्यशैली पर टिप्पणी कर चुका है। उन्होंने भाजपा नेताओं की हार का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता अपने ही बूथों पर पराजित हुए हैं, फिर भी जश्न मनाया जा रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने हरसंभव हथकंडे अपनाए—चाहे वह धनबल हो या छल से की गई राजनीति। उन्होंने चेताया कि अगर इसी तरह भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख पदों पर पहुंचती है, तो यह लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ होगा। माहरा ने दावा किया कि जनता भाजपा की कार्यप्रणाली से परेशान है और किसी को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में राज्य में कांग्रेस की सरकार बनेगी।