खत्म हो चुकी है भारत में चुनाव प्रणाली; पीएम को मिले बहुमत पर भी सवाल: राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश की चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर आपत्तियां जताते हुए कहा है कि उन्हें 2014 से ही इसमें गड़बड़ी का संदेह था। दिल्ली में आयोजित ‘लीगल कॉन्क्लेव-2025’ में राहुल ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें पहली बार चुनाव प्रणाली को लेकर शंका हुई थी।

उन्होंने हालिया लोकसभा चुनावों में भाजपा को मिले बहुमत और कई राज्यों में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में कांग्रेस को एक भी सीट न मिलना हैरान करने वाला है।

महाराष्ट्र में चार महीने में एक करोड़ नए मतदाता: राहुल

राहुल गांधी ने दावा किया कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के चार महीने बाद हुए विधानसभा चुनावों में एक करोड़ नए मतदाता सूची में जोड़े गए। उनके मुताबिक, इनमें से अधिकतर वोट भाजपा को मिले। उन्होंने कहा, “पहले जब हम चुनावों में गड़बड़ी की बात करते थे तो पूछा जाता था कि आपके पास सबूत क्या है। अब हमारे पास ठोस प्रमाण हैं।”

चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल

राहुल गांधी ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश में यह संस्था अब निष्क्रिय हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह सबूत इकट्ठा करने में छह महीने लगे, जिनसे यह साबित होता है कि कैसे एक लोकसभा चुनाव प्रभावित किया गया।

प्रधानमंत्री को मिले बहुमत पर उठाया संदेह

कांग्रेस सांसद ने यह भी कहा कि यदि 15 सीटों पर गड़बड़ी नहीं हुई होती, तो मौजूदा प्रधानमंत्री को बहुमत नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि भारत की चुनाव प्रणाली गंभीर संकट में है और इसे लेकर देश को सजग होने की जरूरत है।

संविधान और लोकतंत्र पर भी जताई चिंता

राहुल गांधी ने संविधान की प्रति दिखाते हुए कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस यह प्रमाणित करेगी कि चुनावी प्रक्रिया में कैसे हेराफेरी की गई। उन्होंने कहा, “हम यह सिद्ध करेंगे कि चुनावों में किस तरह से हेरफेर हुआ और कैसे लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है।”

कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे मौजूद

इस कार्यक्रम में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here