झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन, दिल्ली में ली अंतिम सांस

रांची/नई दिल्ली। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक संरक्षक शिबू सोरेन का सोमवार सुबह निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पिछले एक माह से दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पिता के निधन की पुष्टि करते हुए गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

किडनी की समस्या से जूझ रहे थे ‘दिशोम गुरु’

81 वर्षीय शिबू सोरेन को जून के अंत में गुर्दे से संबंधित परेशानी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उन्हें स्ट्रोक भी आया, जिसके बाद उनकी हालत और गंभीर हो गई थी। वे बीते कई सप्ताह से लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे और विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम आईसीयू में लगातार निगरानी कर रही थी।

सोमवार सुबह 8:56 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की ओर से जारी बयान में बताया गया कि सभी प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

हेमंत सोरेन बोले – ‘मैं आज शून्य हो गया हूं’

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पिता के निधन पर भावुक होकर लिखा,

“आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं… आज मैं शून्य हो गया हूं…”

झारखंड की राजनीति में शिबू सोरेन का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्हें आदिवासी समाज की आवाज उठाने वाला सशक्त नेता माना जाता था। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here