प्रसिद्ध कारोबारी संजय कपूर की संदिग्ध मौत के बाद सोना कॉमस्टार से जुड़ा विवाद और गहराता जा रहा है। संजय कपूर की मां और कंपनी की पूर्व चेयरपर्सन रानी कपूर ने ब्रिटिश अधिकारियों से उनके बेटे की रहस्यमयी परिस्थितियों में हुई मृत्यु की निष्पक्ष जांच की अपील की है।
सूत्रों के मुताबिक, रानी कपूर ने ब्रिटेन में अधिकारियों को एक आधिकारिक आपराधिक शिकायत सौंपी है, जिसमें संजय कपूर की आकस्मिक मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने इस मामले में तत्काल और व्यापक जांच की मांग करते हुए इसे “रहस्यमयी परिस्थितियों” से जुड़ा बताया है।
परिवार के एक करीबी सूत्र ने कहा, “संजय की मृत्यु के घटनाक्रम बेहद चिंताजनक हैं, और इस मामले में जल्द कार्रवाई आवश्यक है।” बताया गया है कि संजय कपूर की अमेरिकी नागरिकता होने के कारण अमेरिका के संबंधित एजेंसियां भी मामले पर नज़र बनाए हुए हैं।
रानी कपूर ने पहली बार सार्वजनिक रूप से एक साक्षात्कार में अपनी चुप्पी तोड़ते हुए न केवल अपने बेटे की मौत पर दुख प्रकट किया, बल्कि सोना कॉमस्टार के भविष्य को लेकर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने भावुक स्वर में कहा, “मुझे अब तक नहीं पता कि मेरे बेटे के साथ क्या हुआ। मेरी उम्र अब अधिक हो चली है, जाने से पहले मैं सच्चाई जानना चाहती हूं।”
दूसरी ओर, सोना कॉमस्टार ने एक आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि 2019 के बाद से रानी कपूर का कंपनी के संचालन से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं रहा है। हालांकि, उनके बयानों और आरोपों से कंपनी की यह दलील खारिज होती प्रतीत हो रही है।
विवाद तब और बढ़ा जब कंपनी की सूचीबद्ध इकाई, सोना BLW प्रिसिजन फोर्जिंग्स लिमिटेड ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को भेजी गई नियामकीय सूचना में रानी कपूर के दावों को “बेबुनियाद” और “कानूनी रूप से अप्रमाणित” बताया। कंपनी ने दोहराया कि रानी कपूर का वर्तमान में कंपनी में कोई अधिकारिक पद या भूमिका नहीं है।
इससे पहले, रानी कपूर ने बोर्ड को भेजे गए एक पत्र में गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया कि बेटे की मृत्यु के बाद उन्हें बंद कमरे में कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर के लिए मजबूर किया गया, जिन्हें उन्होंने “संदिग्ध” करार दिया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उनके निजी बैंक खातों तक पहुंच से वंचित कर दिया गया और कुछ लोगों की आर्थिक कृपा पर निर्भर बना दिया गया।
उनका यह भी आरोप था कि बोर्ड में कपूर परिवार की ओर से किसी को प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया, जबकि उन्होंने वार्षिक आम बैठक को स्थगित करने की अपील की थी जिसे अनदेखा कर बैठक समय पर आयोजित की गई।
इन आरोपों के जवाब में, सोना कॉमस्टार ने रानी कपूर को एक कानूनी नोटिस भेजा है जिसमें उनके बयानों को “झूठा, भ्रामक और दुर्भावनापूर्ण” बताया गया है तथा कंपनी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने से रोकने की मांग की गई है।