अपहरण की अफवाह: मदरसे में प्रेम प्रसंग, टीचर संग फरार हुई छात्रा

अंबेडकरनगर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सबको हैरान कर दिया। यहां मदरसे में पढ़ाई के दौरान एक छात्रा और उसके शिक्षक के बीच प्यार हो गया, जिसके बाद दोनों सहमति से फरार हो गए। लड़की के परिजनों ने दिनदहाड़े असलहे के बल पर अपहरण का आरोप लगाया था। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और 24 घंटे के अंदर इस प्रेम और अपहरण के विवाद का सच उजागर कर दिया।

मामला जिले के जहांगीरगंज थाना क्षेत्र का है। गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक ने असलहे के दम पर एक लड़की का अपहरण किया है। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को यह आशंका हुई कि यह मामला प्रेम प्रसंग का हो सकता है। लड़की के मोबाइल कॉल डिटेल की जांच के बाद पुलिस ने दोनों के बीच संबंध की पुष्टि की। दोनों को 24 घंटे के अंदर पकड़ लिया गया।

पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपी निशार खा संतकबीरनगर का निवासी है और अंबेडकरनगर के एक मदरसे में शिक्षक था। लड़की भी उसी मदरसे में पढ़ाई करती थी। पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच प्यार हुआ, और बाद में निशार उसे ट्यूशन भी पढ़ाता था। दोनों अपनी मर्जी से घर छोड़कर फरार हो गए।

अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्याम देव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का पाया गया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपनी बात स्वीकार की है। असलहे के बल पर अपहरण का आरोप गलत निकला है। पुलिस ने इस झूठी सूचना देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई का भरोसा दिया है। मामले की आगे भी जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here