राजधानी के चाणक्यपुरी इलाके में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार थार वाहन ने दो लोगों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। यह घटना राष्ट्रपति भवन से कुछ दूरी पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक सड़क पर पैदल जा रहा था, तभी थार ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर बात यह रही कि मृतक का शव कई घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा।
पुलिस ने मौके से 26 वर्षीय आरोपी चालक को पकड़ लिया। वह अपने दोस्त की थार लेकर चला रहा था और गुड़गांव से शकरपुर की ओर जा रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि गाड़ी चलाते समय उसकी आंख लग गई थी, जिससे नियंत्रण खो बैठा। हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वह शराब या नशे के प्रभाव में था या नहीं। वाहन से शराब की बोतलें भी बरामद की गई हैं।
डीसीपी देवेश कुमार महला ने बताया कि सुबह करीब साढ़े छह बजे पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को हादसे की सूचना मिली। फोरेंसिक टीम ने वाहन की जांच की और घायल को अस्पताल भेजा गया। पुलिस पीड़ितों की पहचान करने और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच में जुटी है।