दौसा में भीषण सड़क हादसा, 11 की मौत, 20 घायल; कई की हालत गंभीर

राजस्थान के दौसा जिले में एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई है, जिसमें अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 20 लोग घायल हैं। मृतकों में कई बच्चे भी शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह हादसा खाटू श्याम मंदिर से लौटते समय रात करीब तीन बजे हुआ।

मृतकों की संख्या बढ़ने का खतरा

पिकअप वाहन और ट्रेलर के बीच हुई टक्कर के बाद यह दुर्घटना हुई। घायल कई मरीजों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसके कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना बनी हुई है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया है।

जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार जारी

मृतकों में सात महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल 20 से अधिक मरीजों में से नौ को जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है, जिनमें से चार-पांच का इलाज आईसीयू में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही दौसा कलेक्टर देवेंद्र कुमार और एसपी सागर राना भी मौके पर पहुंच गए।

रात 3:30 से 4 बजे के बीच हुआ हादसा

दौसा पुलिस अधीक्षक सागर राना ने बताया कि यह हादसा रात साढ़े तीन से चार बजे के बीच हुआ। मृतकों में से अधिकांश उत्तर प्रदेश के एटा जिले के रहने वाले हैं। कलेक्टर देवेंद्र कुमार के मुताबिक, ये यात्री खाटू श्याम जी के दर्शन कर उत्तर प्रदेश लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि अब तक 11 मौतें पक्की हो चुकी हैं, जबकि नौ घायलों को जयपुर रेफर किया गया है और चार का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना में शामिल पिकअप वाहन में ये सभी यात्री थे, जिन्हें ट्रेलर ने टक्कर मारी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here