झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार रात हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान चली गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना अंगारा थाना क्षेत्र के चामघाटी, रांची-पुरुलिया मार्ग पर हुई।
अंगारा थाना प्रभारी हीरालाल साह ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल महिला को रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, रांची जा रहा ऑटोरिक्शा मुरी की ओर से आ रहे ट्रक से आमने-सामने टकरा गया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद ट्रक पलट गया और चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान ऑटो चालक शेख गयासुद्दीन, उनकी मां आयशा खातून, पत्नी जोराद्दीन और बेटे शेख अमन के रूप में हुई है। परिवार रांची के कांटाटोली इलाके में रहता था। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।