लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दीं। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि यह अमूल्य स्वतंत्रता हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि कर्तव्य और जिम्मेदारी भी है, जिसे निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निभाना हर नागरिक का दायित्व है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करना हमारा कर्तव्य है, जो हमें राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ता है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित कई मंत्रियों और नेताओं ने भी स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।
दूरदर्शन और आकाशवाणी पर प्रसारित होगा सीएम का संदेश
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश दूरदर्शन पर सुबह 9 बजे और आकाशवाणी पर रात 8 बजे प्रसारित होगा।
मुख्यमंत्री ने दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएँ
योगी आदित्यनाथ ने जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का अवतार धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना के लिए प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी कारागारों, पुलिस थानों और रिजर्व पुलिस लाइनों में भक्तिभाव से जन्माष्टमी मनाने के निर्देश दिए। साथ ही, मंदिरों व आयोजन स्थलों पर सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के आदेश दिए।