नवीन पटनायक स्वास्थ्य समस्याओं के चलते भुवनेश्वर के अस्पताल में भर्ती

बीजू जनता दल (बीजेडी) के सुप्रीमो और ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को रविवार को स्वास्थ्य समस्याओं के चलते भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, 78 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री शनिवार रात से अस्वस्थ महसूस कर रहे थे और उन्हें बेचैनी की शिकायत थी। इसके बाद कुछ डॉक्टर उनके निवास पर जाकर जांच के लिए पहुंचे। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उन्हें रविवार सुबह अस्पताल लाया गया।

अस्पताल प्रशासन ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जल्द ही मेडिकल बुलेटिन जारी करने की जानकारी दी है। उनकी अचानक भर्ती से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल है।

बता दें कि नवीन पटनायक ने पिछले महीने मुंबई के एक अस्पताल में गर्दन की हड्डी (सर्वाइकल आर्थराइटिस) की सर्जरी करवाई थी। वे 20 जून को मुंबई गए थे और 22 जून को सर्जरी हुई थी। उन्हें 7 जुलाई को अस्पताल से छुट्टी मिली और 12 जुलाई को वे भुवनेश्वर लौट आए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here