देशभर में बारिश का कहर: मुंबई-बेहद जाम, दिल्ली में यमुना उफान पर, स्कूल-कॉलेज बंद

पूरे देश में जारी मूसलाधार बारिश से जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दिल्ली से लेकर मुंबई और कश्मीर, हिमाचल व उत्तराखंड तक भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। मुंबई में लगातार बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। दिल्ली में हथिनी कुंड बैराज से लाखों क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। सभी राज्यों की सरकारें और रेस्क्यू टीमें अलर्ट मोड पर हैं।

मुंबई में भीषण हालात
महाराष्ट्र के कई जिलों में पिछले 24 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। मुंबई के माटुंगा रेलवे स्टेशन पर जलभराव हो गया है, जबकि वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर 5-6 किलोमीटर लंबा जाम लगा है। बांद्रा कोर्ट से अंधेरी नटराज स्टूडियो तक सड़कों पर भारी जाम देखा गया। मौसम विभाग की चेतावनी के कारण लोग जल्दी बाहर निकले, जिससे ट्रैफिक जाम और बढ़ गया।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य की स्थिति का जायजा लिया। महाराष्ट्र में 15-16 जिलों में बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कोंकण क्षेत्र में सबसे ज्यादा बारिश हो रही है। नदियों के जलस्तर पर निगरानी रखी जा रही है। नांदेड़ के मुखेड़ में बादल फटने जैसी घटना भी दर्ज हुई। NDRF और SDRF की रेस्क्यू टीमों को तैनात किया गया है। राज्य के 1 लाख हेक्टेयर से अधिक फसलें प्रभावित हुई हैं और 200 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं। भारी बारिश के कारण 19 अगस्त को स्कूल-कॉलेज बंद किए गए हैं।

दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर
दिल्ली में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शाम 6 बजे तक यमुना का जलस्तर 205.55 मीटर दर्ज किया गया। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता और मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा यमुना घाटों का निरीक्षण करने पहुंचे। रेखा गुप्ता ने कहा कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और ITO बैराज के सभी गेट खोल दिए गए हैं। यमुना के किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट किया गया है और सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। जलस्तर बढ़ने के कारण बसंत कुंज तक पानी पहुंच गया है।

तेलंगाना में भी बाढ़
तेलंगाना के मेदक जिले में पापन्नापेट मंडल के ऐडुपायाला स्थित दुर्गा भवानी देवालयम पूरी तरह पानी में डूब गया। मंदिर के चारों ओर जलभराव के कारण देवी की मूर्ति पूजा के लिए सुरक्षित स्थान पर ले जाई गई। राज्य में भारी बारिश से सिंगूर परियोजना का जलाशय लबालब भर गया है।

गंगा और यमुना उफान पर
उत्तराखंड के पहाड़ों में लगातार बारिश से गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। ऋषिकेश से गंगा उफान पर है और हरिद्वार में कई स्थानों पर जलभराव देखा गया। बिहार और उत्तर प्रदेश में नदियों के किनारे के गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here