नई दिल्ली। दिल्ली कैबिनेट की दूसरी अहम बैठक में ‘दिल्ली मित्र’ मोबाइल एप शुरू करने का निर्णय लिया गया। इस एप के जरिए नागरिक अपनी शिकायतें सीधे दर्ज कर सकेंगे, जिससे शासन में पारदर्शिता और जनता की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा। सरकार का कहना है कि यह पहल उसकी जन-केंद्रित नीतियों को और सशक्त बनाएगी।
जनता का सुझाव, सरकार ने अपनाया
इस एप की रूपरेखा आम नागरिकों के सुझाव से बनी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भेजे गए एक प्रस्ताव पत्र में जनता ने ऐसी सुविधा की मांग रखी थी। इसी पहल को ध्यान में रखते हुए कैबिनेट ने इसे हरी झंडी दे दी। मुख्यमंत्री ने इसे शिकायतों के त्वरित निपटारे की दिशा में एक महत्वपूर्ण और नवाचारपूर्ण कदम बताया।