लखीसराय थाना क्षेत्र के बालगुदर एनएच-80 पर अशोकधाम मंदिर जाने वाली सड़क पर बुधवार सुबह एक गंभीर हादसा हुआ। अशोका एकेडमी स्कूल के पास पिकअप वैन सड़क पर लगे लोहे के बैरियर से टकरा गई।
हादसे में वैन में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत बड़हिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान राजकुमार महतो (निवासी- रिविगंज, छपरा) के रूप में हुई है। अन्य घायल व्यक्तियों में राजेश महतो और उनकी पत्नी ललिता देवी शामिल हैं। ललिता देवी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सदर अस्पताल, लखीसराय रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, श्रावणी मेला समाप्त होने के बाद बासुकीनाथ से अपना काम-काज निपटाकर सभी लोग पिकअप वैन से छपरा लौट रहे थे। हादसे के समय मृतक राजकुमार महतो वैन की छत पर बैठे थे, तभी यह दर्दनाक घटना घटी।