छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार, तीन नए चेहरों ने संभाला मंत्री पद

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल रमन डेका ने दुर्ग संभाग से गजेंद्र यादव, रायपुर संभाग से गुरु खुशवंत साहेब और सरगुजा संभाग से राजेश अग्रवाल को मंत्री पद की शपथ दिलाई।

खास बात यह है कि तीनों नेता पहली बार विधायक चुने गए हैं और अपने कार्यकाल के आरंभिक दौर में ही मंत्री बनने का मौका मिला है। दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव, अंबिकापुर से राजेश अग्रवाल और आरंग से गुरु खुशवंत साहेब को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है।

सीएम साय ने हाल ही में संकेत दिया था कि कैबिनेट का विस्तार जल्द होगा और संभव है कि उनके विदेश दौरे से पहले ही प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। वे 22 अगस्त से विदेश यात्रा पर रवाना होने वाले हैं। देर रात तीनों नए विधायकों के सीएम हाउस पहुंचने के बाद उनके नाम तय हो गए और तमाम अटकलों पर विराम लग गया।

इससे पहले माने जा रहे थे कि अमर अग्रवाल (बिलासपुर), राजेश मूणत और अजय चंद्राकर (रायपुर), तथा किरण सिंहदेव (बस्तर) को मौका मिल सकता है, लेकिन पार्टी हाईकमान से सहमति नहीं बन पाई।

अब मुख्यमंत्री समेत छत्तीसगढ़ कैबिनेट में कुल 14 मंत्री हो गए हैं। राज्य बनने के बाद यह पहली बार है जब इतनी संख्या में मंत्रियों को शामिल किया गया है। संविधान के प्रावधानों के अनुसार 90 विधायकों वाले छत्तीसगढ़ में अधिकतम 15 प्रतिशत मंत्री बन सकते हैं, यानी 13.5। इसी आधार पर अब 14 मंत्री बनाए गए हैं। यह व्यवस्था हरियाणा मॉडल के अनुरूप है, जहां 90 विधायकों के बीच मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री हैं।

वर्तमान कैबिनेट की सूची इस प्रकार है:

  1. विष्णुदेव साय – मुख्यमंत्री
  2. अरुण साव – उप मुख्यमंत्री
  3. विजय शर्मा – उप मुख्यमंत्री
  4. ओपी चौधरी – वित्त मंत्री
  5. केदार कश्यप – वन मंत्री
  6. दयाल दास बघेल – खाद्य मंत्री
  7. टंकराम वर्मा – खेल मंत्री
  8. लखन लाल देवांगन – उद्योग मंत्री
  9. श्याम बिहारी जायसवाल – स्वास्थ्य मंत्री
  10. रामविचार नेताम – आदिम जाति कल्याण मंत्री
  11. लक्ष्मी राजवाड़े – महिला एवं बाल विकास मंत्री
  12. गजेंद्र यादव – मंत्री
  13. राजेश अग्रवाल – मंत्री
  14. गुरु खुशवंत साहेब – मंत्री

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here