अलीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित हिंदू गौरव दिवस में भाजपा नेताओं ने उन्हें याद करते हुए उनके योगदान को ऐतिहासिक बताया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बाबूजी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने अलीगढ़ का नाम बदलकर हरिगढ़ करने की भी वकालत की।
सपा पर हमला बोलते हुए मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव अब यूपी में “बांटो और राज करो” की राजनीति नहीं चला पाएंगे। उन्होंने संकल्प लिया कि 2027 तक सपा का सफाया कर पार्टी की “साइकिल” को सैफई भेज देंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि कल्याण सिंह ने प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाई और राम मंदिर आंदोलन में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी बाबूजी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षक से लेकर राज्यपाल तक की भूमिका निभाई और राम मंदिर के लिए मुख्यमंत्री पद तक का त्याग किया।
शाहजहांपुर का नाम बदलने की मांग
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने शाहजहांपुर का नाम बदलने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जो लोग कहते हैं नाम में क्या रखा है, वे गुलामी की मानसिकता रखते हैं। राष्ट्रीय स्वाभिमान रखने वाला ही नाम की महत्ता समझ सकता है। उमा ने याद किया कि जब वह मात्र 11 साल की थीं, तभी उनका परिचय कल्याण सिंह से हुआ था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद कल्याण सिंह ने कारसेवकों पर गोली न चलाने का आदेश देकर अपनी आस्था और नेतृत्व का परिचय दिया।
कलराज मिश्र और धर्मेंद्र प्रधान की श्रद्धांजलि
पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि कल्याण सिंह का नाम आते ही ऐसा लगता है जैसे वह आज भी हमारे बीच मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा के गठन के समय से ही वह कल्याण सिंह के साथ सक्रिय रहे और पार्टी संगठन को मजबूत करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कल्याण सिंह एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा थे। वह हिंदुत्व, राष्ट्रवाद और किसान हितैषी नीतियों के प्रतीक थे। उन्होंने 90 के दशक में स्वराज की नींव रखी और अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उसी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं।
प्रधान ने कहा कि कल्याण सिंह ने सत्ता की कुर्सी त्यागकर राम मंदिर आंदोलन को नई दिशा दी और प्रदेश में कानून-व्यवस्था की नई मिसाल कायम की। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते कांग्रेस ने कल्याण सिंह को हटाया और उमा भारती को जेल भेजा, जबकि आज वही कांग्रेस भाजपा पर सवाल उठा रही है।