अमेरिका के लोकप्रिय जज फ्रैंक कैप्रियो का निधन, 88 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

अमेरिका के जाने-माने और “दुनिया के सबसे प्यारे जज” कहे जाने वाले फ्रैंक कैप्रियो का 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके परिवार ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की। सोशल मीडिया इस्तेमाल करने वाले अधिकांश लोग उन्हें उनकी अदालत के भावनात्मक और करुणामय फैसलों की वजह से जरूर पहचानते हैं।

जज कैप्रियो अपनी विनम्रता और इंसानियत भरे व्यवहार के चलते इंटरनेट सेंसेशन बन गए थे। उनका कोर्टरूम रियलिटी टीवी शो “कॉट इन प्रोविडेंस” वर्ष 2000 में शुरू हुआ, जिसमें वे ट्रैफिक उल्लंघन और गलत पार्किंग जैसे मामलों पर सहानुभूतिपूर्ण ढंग से फैसले सुनाते थे। शो के कई वीडियो क्लिप्स सोशल मीडिया पर लाखों बार देखे गए। इनमें अक्सर वे संघर्ष कर रहे परिवारों का जुर्माना माफ करते या बच्चों से अपने माता-पिता की सजा तय करवाते नजर आते थे।

सोशल मीडिया पर उनके लाखों प्रशंसक थे, जो उन्हें “दुनिया का सबसे अच्छा जज” मानते थे। उनकी आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, फ्रैंक कैप्रियो का जन्म 1936 में हुआ था। वे रोड आइलैंड के प्रोविडेंस में पले-बढ़े। जज बनने से पहले उन्होंने जूते पॉलिश करने और अखबार बांटने जैसे कई छोटे-मोटे काम भी किए।

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक स्कूल शिक्षक के रूप में की और इसके साथ ही बोस्टन की सफोल्क यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ लॉ में कानून की पढ़ाई की। लंबी मेहनत के बाद वे 1985 से 2023 तक प्रोविडेंस म्यूनिसिपल कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here