बहनों को ₹1500 की गारंटी पूरी करेंगे, हिमाचल में भी चलेगी ‘अधिकार यात्रा’: सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश की महिलाओं को ₹1500 देने की गारंटी से पीछे नहीं हटेगी। जैसे ही आर्थिक हालात सुधरेंगे, इस वादे को पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रियंका गांधी की रैली आयोजित की जाएगी, जहां औपचारिक रूप से इस गारंटी को लागू करने का ऐलान होगा।

शुक्रवार को राजीव भवन में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान की शुरुआत पर आयोजित सम्मेलन में सीएम सुक्खू ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का वोट प्रतिशत कम से कम 10 फ़ीसदी बढ़ाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए जल्द ही कैबिनेट सहयोगियों से रणनीति पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि संगठन मज़बूत होने के बाद पार्टी और अधिक प्रभावी ढंग से मैदान में उतरेगी।

राजभवन पर उठाए सवाल
सुक्खू ने आरोप लगाया कि कई विधेयक विधानसभा से पारित होने के बावजूद महीनों से राजभवन में लंबित पड़े हैं। वाइस चांसलर की नियुक्ति को लेकर भी बिना राज्य सरकार की जानकारी के विज्ञापन जारी कर दिया गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, लेकिन चुनौतियों से लड़ने में उन्हें मज़ा आता है।

हिमाचल में भी अधिकार यात्रा
अभियान की शुरुआत के मौके पर प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि बिहार की तरह हिमाचल में भी कांग्रेस की ‘अधिकार यात्रा’ निकाली जाएगी। जल्द ही पीसीसी का गठन किया जाएगा और गांव-गांव पदयात्राएं होंगी। उन्होंने साफ किया कि संगठनात्मक नियुक्तियां किसी दबाव में नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता के आधार पर होंगी।

रजनी पाटिल ने कहा कि संगठन मज़बूत न होने से सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा। केंद्र सरकार की मनमानी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक सरकारों को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है, लेकिन कांग्रेस के पास अब फिर 40 विधायक हैं।

सोशल मीडिया पर संयम की नसीहत
कांग्रेस प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को हिदायत दी कि नाराजगी होने पर पार्टी मंच पर बात रखें, सोशल मीडिया पर अपनी ही सरकार या संगठन पर टिप्पणी करने से बचें। उन्होंने केंद्र सरकार की तुलना यूपी की योगी सरकार से करते हुए कहा कि जैसे वहां बुलडोजर चलता है, वैसे ही दिल्ली की भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज़ दबाने का काम कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here