प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शनिवार को अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासम्मेलन में शामिल होने अयोध्या पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपने बेटे अभिषेक सिंह को निजी सचिव स्तर का प्रोटोकॉल दिए जाने पर स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अनावश्यक बहस नहीं होनी चाहिए। भाजपा अन्य दलों से अलग है, यहां न वंशवाद है, न जातिवाद और न ही परिवारवाद। आठ साल की राजनीतिक यात्रा में कभी इस तरह की घटना सामने नहीं आई। पहली बार हुई गलती पर तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई की गई। भाजपा परिवार की पार्टी नहीं है, बल्कि सेवा और सिद्धांतों पर आधारित संगठन है। राजनीति में हमें चार दशक से अधिक का अनुभव है।
अखिलेश पर साधा निशाना
किसानों को खाद की किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा किए गए पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंह ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, अपहरण, लूट और हत्याओं का माहौल था। उस समय बिजली भी चंद जिलों तक सीमित रहती थी। न सड़कें थीं, न पानी और न ही बेहतर सुविधाएं।
डबल इंजन सरकार में विकास की रफ्तार
उन्होंने कहा कि वर्तमान में डबल इंजन की सरकार में गरीबों को मुफ्त अनाज, आयुष्मान भारत कार्ड, शौचालय और आवास जैसी सुविधाएं मिल रही हैं। सड़कों का जाल बिछा है, रेलवे और हवाई कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। राज्य में आज देश-विदेश से लोग आ रहे हैं, जिससे प्रदेश की स्थिति और मजबूत हुई है। जनता आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
‘खाद पर्याप्त, बाढ़ पीड़ितों को मिल रही मदद’
खाद संकट के सवाल पर मंत्री ने कहा कि प्रदेश में उर्वरक की कोई कमी नहीं है, किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। जिनके मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनका तुरंत सर्वे कर मुआवजा दिया जा रहा है। बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत किट भी वितरित की जा रही है।