स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने की रांची से अभियान की शुरुआत

झारखंड में अब स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा। अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ का जवाब देने के प्रयास के तहत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत राजधानी रांची में विदेशी सामानों के बहिष्कार और स्वदेशी उत्पादों के प्रचार की शुरुआत हुई। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रांची के विभिन्न दुकानों में स्वदेशी उत्पाद बेचने का पोस्टर लगाया। इस अभियान में झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के व्यापारी भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। राजधानी के सैकड़ों दुकानों में यह पोस्टर चिपकाया गया, जिसमें लिखा था कि “हमारी दुकान में स्वदेशी उत्पाद उपलब्ध हैं।”

गणपति उत्सव के अवसर पर अभियान की शुरुआत

मीडिया से बातचीत में केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया कि गणपति उत्सव के दिन इस अभियान की शुरुआत की गई है और वह झारखंड के अन्य जिलों में भी इसे आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत का आह्वान किया है और सभी नागरिकों से स्वदेशी उत्पाद खरीदने की अपील की है। दुकानदारों को अपनी दुकानों पर स्वदेशी उत्पादों का बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देना और विदेशी वस्तुओं का त्याग करना है।

संजय सेठ ने कहा कि यह सही समय है कि अमेरिका को माकूल जवाब दिया जाए और भारत में तैयार सामानों का उपयोग बढ़ाया जाए। विदेशी उत्पादों का त्याग करने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और भारत 2047 तक दुनिया में सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बन सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here