अमेरिका के मिनेसोटा में स्थित एक कैथोलिक स्कूल में बुधवार को अज्ञात हमलावर द्वारा की गई गोलीबारी में कम से कम दो बच्चों की मौत हो गई और 17 से अधिक लोग घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि हमलावर को भी मार गिराया गया।
स्थानीय अस्पताल ने बयान में कहा कि उनकी टीम संकट के समय में प्रशिक्षित है और बच्चों की देखभाल के लिए पूरी तरह तैयार है। वर्तमान में छह बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल ने मरीजों और उनके परिवारों की निजता का सम्मान करते हुए अधिक जानकारी साझा नहीं की।
राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि उन्हें इस घटना की पूरी जानकारी दी गई है। एफबीआई के अधिकारी तुरंत कार्रवाई में जुट गए हैं और व्हाइट हाउस हालात पर नजर बनाए हुए है। मिनियापोलिस के मेयर जैकब फ्रे ने कहा, “इस अकल्पनीय कृत्य की भयावहता को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। इसे अपने बच्चों की तरह समझिए, कई बच्चे मारे जा चुके हैं।”
मिनियापोलिस में यह 24 घंटे में चौथी गोलीबारी की घटना है। मंगलवार को तीन अलग-अलग घटनाओं में कई लोग घायल हुए और तीन की मौत हुई। फिलिप्स इलाके में मंगलवार दोपहर लगभग 1:30 बजे हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति मारा गया और छह घायल हुए। उसी दिन रात 8 बजे दूसरी घटना में एक व्यक्ति की मौत और एक घायल हुआ। बुधवार सुबह लगभग 2 बजे तीसरी गोलीबारी में एक और व्यक्ति की जान गई। पुलिस ने कहा कि इन घटनाओं के बीच फिलहाल कोई संबंध नहीं मिला है।