इस्राइली सेना ने गाजा सिटी को युद्ध क्षेत्र घोषित किया, मानवीय मदद पर रोक

गाजा। इस्राइली सेना ने गाजा पट्टी के सबसे बड़े शहर गाजा सिटी को युद्ध क्षेत्र घोषित कर दिया है और साथ ही मानवीय सहायता के वितरण पर रोक लगा दी है। इससे गाजा में रहने वाले हजारों लोग, जो पहले ही भुखमरी और कठिन हालात का सामना कर रहे थे, और अधिक संकट में फंस सकते हैं।

इस्राइली सेना ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि आज सुबह 10 बजे से गाजा सिटी में सैन्य गतिविधियों पर स्थानीय सामरिक रोक लागू नहीं रहेगी। आईडीएफ ने कहा कि गाजा शहर के बाहर बाकी क्षेत्रों में यह रोक जारी रहेगी और वहां आतंकवादी समूहों के खिलाफ आक्रामक अभियान जारी रहेगा। माना जा रहा है कि इस्राइली सेना गाजा शहर पर कब्जा करने की तैयारी कर रही है, जहां करीब 10 लाख की आबादी में से आधी शरण लिए हुए हैं।

भुखमरी की गंभीर स्थिति
वैश्विक भूख निगरानी संगठन ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि गाजा सिटी और आसपास के इलाके अब आधिकारिक तौर पर अकाल की स्थिति का सामना कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार 5,14,000 लोग गंभीर भुखमरी की चपेट में हैं और सितंबर के अंत तक यह संख्या बढ़कर 6,41,000 तक पहुंच सकती है।

हालांकि इस्राइल ने इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया है। सरकार का कहना है कि निष्कर्ष अधूरी जानकारी पर आधारित हैं, जो मुख्यतः हमास से प्राप्त हुई, और इसमें यह नहीं दर्शाया गया कि हाल ही में गाजा में खाद्यान्न की आपूर्ति भी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here