प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ राहुल गांधी की जनसभा में की गई अभद्र टिप्पणी के बाद बिहार में सियासी तनाव बढ़ गया है। शुक्रवार को भाजपा नेताओं ने पटना में विरोध मार्च निकाला, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं और कांग्रेस समर्थकों के बीच भी झड़प हुई। कांग्रेस ने भाजपा पर हिंसक व्यवहार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं—मंत्री नितिन नवीन, संजय सरावगी और विधायक संजीव चौरसिया—ने प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और उनकी माताजी पर अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में यह मार्च निकाला गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि मिथिलांचल के दरभंगा में जन्मी माता जानकी के अपमान को बिहार कभी बर्दाश्त नहीं करेगा और इसकी जवाबदेही राजद और कांग्रेस पर होगी।
विरोध मार्च कुर्जी होली फैमिली अस्पताल से शुरू होकर सदाकत आश्रम तक गया। इसमें सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे, जिन्होंने हाथ में पोस्टर और बैनर लेकर राजद-कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। जैसे ही मार्च कांग्रेस कार्यालय के पास पहुंचा, कुछ कार्यकर्ताओं ने पथराव किया, जिससे कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए।
मंत्री नितिन नवीन ने चेतावनी दी कि प्रधानमंत्री और उनकी माताजी का अपमान बिहार की जनता सहन नहीं करेगी। संजय सरावगी ने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री का अपमान नहीं बल्कि हर भारतीय महिला और मां के सम्मान पर हमला है। उन्होंने महागठबंधन की आलोचना करते हुए कहा कि उनका यह व्यवहार मिथिला की संस्कृति और मर्यादा के लिए भी अपमानजनक है।
विधायक संजीव चौरसिया ने बताया कि सदाकत आश्रम के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर पथराव किया गया। इस प्रदर्शन में कई प्रदेश और मोर्चा पदाधिकारी समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।