शारदा में छोड़ा गया डेढ़ लाख क्यूसेक पानी, पीलीभीत के पूरनपुर में बाढ़ के हालात

वनबसा बैराज से शुक्रवार दोपहर एक बजे अतिरिक्त 1.51 लाख क्यूसेक पानी रिलीज होने के बाद शारदा नदी फिर उफान पर आ गई। इससे पीलीभीत जिले के पूरनपुर क्षेत्र में ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शाम पांच बजे गांव हजारा और शास्त्रीनगर में बाढ़ का पानी पहुंच गया और गांवों के निचले हिस्सों में तीन से चार फीट तक जलभराव हो गया। प्रशासन ने नदी किनारे न जाने और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की चेतावनी जारी की है।

बाढ़ प्रभावित 15 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को कंट्रोल रूम से फोन कर अलर्ट की जानकारी दी गई। इससे पहले 23 अगस्त को भी बैराज से 1.59 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने पर नदी उफन गई थी और हजारा व शास्त्रीनगर में जलभराव हुआ था।

शुक्रवार को सुबह सात बजे 65 हजार क्यूसेक, नौ बजे 1.34 लाख क्यूसेक, 10 बजे 1.15 लाख क्यूसेक, दोपहर एक बजे 1.51 लाख क्यूसेक और दोपहर दो बजे 1.37 लाख क्यूसेक पानी रिलीज किया गया।

नायब तहसीलदार अभिषेक त्रिपाठी ने चंदिया हजारा और खिरकिया बरगदिया के समीप कटान का निरीक्षण किया। कटान से हुए नुकसान का सर्वे किया जा रहा है। तहसीलदार हबीब उर रहमान अंसारी ने बताया कि नदी में इतना पानी आने पर अलर्ट घोषित किया गया और कर्मचारियों को क्षेत्र की निगरानी के लिए भेजा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here