दिल्ली के कालकाजी मंदिर में पुजारी की निर्मम हत्या के मामले पर आम आदमी पार्टी के विधायक अनिल झा ने शनिवार को प्रेसवार्ता में तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह हत्या केवल एक व्यक्ति की जान लेने वाली घटना नहीं है, बल्कि हमारी आस्था पर हमला है। उन्होंने भाजपा सरकार और दिल्ली पुलिस की नाकामी को इसका मुख्य कारण बताया।
अनिल झा ने कहा कि भाजपा दिल्ली में कानून-व्यवस्था संभालने में पूरी तरह असफल रही है। कानून-व्यवस्था में लगातार गिरावट के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम लोग सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंदिरों, गुरुद्वारों और मस्जिदों में धार्मिक कार्यकर्ता सुरक्षित नहीं हैं, जबकि भाजपा इसे अपने धार्मिक उत्तरदायित्व के तौर पर दिखाती है।
विधायक ने पुलिस की इंटेलिजेंस और स्थानीय सूचना तंत्र की विफलता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कालकाजी मंदिर में सुरक्षा के बावजूद पुजारी की हत्या हुई। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा चिंताजनक स्तर पर है और रात में उन्हें बाहर जाने में डर महसूस होता है।
अनिल झा ने आम आदमी पार्टी की ओर से जनता के साथ खड़े होने और कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधारने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस को राजनीतिक दबाव में आकर मामले को झुकाना नहीं चाहिए और मंदिर के पुजारी को न्याय दिलाने में सभी को सक्रिय होना चाहिए।