उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव और प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. शंभुनाथ का शनिवार शाम अचानक निधन हो गया। यह घटना उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान में आयोजित लेखिका मनोरमा श्रीवास्तव के कर्ण पर आधारित उपन्यास के लोकार्पण समारोह के दौरान हुई। डॉ. शंभुनाथ मुख्य अतिथि के रूप में मंच पर वक्तव्य दे रहे थे, तभी अचानक उनका सिर झुक गया और वे अचेत हो गए।
मौके पर मौजूद लोग तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस समय डॉ. शंभुनाथ की पत्नी चंदा जी भी समारोह में मौजूद थीं। मंच का संचालन कवि सर्वेश अस्थाना कर रहे थे। समारोह में मनोरमा श्रीवास्तव, दूरदर्शन के सहायक निदेशक आत्मप्रकाश मिश्र, वरिष्ठ कवि बुद्धिनाथ मिश्र, हिंदी संस्थान के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, संस्थान की प्रधान संपादक अमिता दुबे और वरिष्ठ रंगकर्मी सूर्यमोहन कुलश्रेष्ठ सहित कई प्रतिष्ठित साहित्यकार मौजूद थे।
डॉ. शंभुनाथ के अचानक निधन से समारोह में अफरातफरी मच गई। डॉ. शंभुनाथ 1970 बैच के आईएएस अधिकारी थे और 2007 में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव भी रहे।