सीतामढ़ी में घर में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या, जमीन विवाद में जेठ पर उठी उंगली

सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना क्षेत्र के उत्तम नगर रमनगरा पुलिस पिकेट से चंद दूरी पर शनिवार देर रात सनसनीखेज वारदात हुई। बाइक पर आए नकाबपोश अपराधियों ने घर में घुसकर 41 वर्षीय महिला को गोली मार दी। हमलावरों ने महिला को सिर और आंख में गोली मारी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई।

सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह और नगर थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और मृतका के परिजनों से पूछताछ की।

किचन में खाना बना रही महिला पर हमला
मृतका की पहचान स्थानीय निवासी उपेंद्र सिंह की पत्नी सोनिया देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला घर के किचन में खाना बना रही थी। इसी दौरान तीन हमलावर घर में घुसे और जमीन रजिस्ट्री को लेकर बात छेड़ी। इसके बाद उन्होंने आठ वर्षीय बेटी के सामने ही सोनिया के सिर में गोली मार दी और बाइक से नेपाल की ओर फरार हो गए।

परिजनों ने जेठ पर लगाया आरोप
मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि सोनिया के जेठ ने ही जमीन विवाद को लेकर शूटर भाड़े पर भेजे थे। हाल ही में सोनिया के ससुर ने विवादित जमीन की रजिस्ट्री उसके पति उपेंद्र सिंह के नाम कर दी थी। उपेंद्र फिलहाल नेपाल में रहकर कारखाना चलाते हैं, जबकि सोनिया दो बच्चों के साथ घर पर रहती थी। इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों की मदद से महिला को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here