दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश: यमुना का जलस्तर बढ़ा, पुराना रेलवे पुल शाम तक बंद होने की सम्भावना

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को तेज बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम में जगह-जगह सड़कों पर लंबा जाम लग गया, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गुरुग्राम में करीब सात किलोमीटर लंबा जाम लगने से लोग तीन घंटे तक सड़कों में फंसे रहे। मंगलवार को लोगों को दफ्तर न जाने और घर से ही काम करने तथा स्कूलों को ऑनलाइन पढ़ाई कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सोमवार देर रात नोएडा समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश हुई। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़ने के बाद यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे दिल्ली के नदी के किनारे बसे क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मंगलवार शाम पांच बजे से पुराने रेलवे पुल पर यातायात बंद करने का आदेश जारी किया है।

बैराज से सोमवार सुबह पांच बजे से हर घंटे औसतन 3.29 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने दिन में दो बार बाढ़ की चेतावनी जारी की। पहली चेतावनी सुबह आठ बजे और दूसरी चेतावनी एक घंटे बाद सुबह नौ बजे जारी की गई, इस दौरान करीब 2.29 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

प्रशासन ने कहा है कि मंगलवार शाम पांच बजे तक यमुना का जलस्तर 206 मीटर पार कर जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने चेताया कि जलस्तर 207 मीटर या उससे भी अधिक हो सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिल्ली शहर बाढ़ से पूरी तरह सुरक्षित रहेगा और यमुना में जो पानी आएगा, उसे उचित अनुपात में आगे छोड़ा जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here