अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला: कहा- सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम सीमा पर हैं, निर्दोषों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है और माब लिंचिंग जैसी हत्याएं हो रही हैं।

अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए पुलिस और प्रशासन का गैरकानूनी उपयोग कर रही है। किसानों, युवाओं और छात्रों समेत सभी वर्गों की समस्याओं पर सरकार की कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने एक्स पर बाराबंकी में छात्रों पर लाठीचार्ज का वीडियो साझा कर इसे सरकार की नाकामी बताया।

सपा प्रमुख ने कहा कि चुनावों में भाजपा हर स्तर पर बेईमानी करती है। लोकसभा की तरह विधानसभा चुनाव में भी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को लोकतंत्र, संविधान और वोट के अधिकार की रक्षा के लिए पूरी जागरूकता और मेहनत से बूथ मजबूत करने की जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि वोट बनवाना, बचाना, पड़वाना और गिनवाना जैसे कार्यों में सतर्कता जरूरी है।

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा विदेश नीति सहित हर मोर्चे पर विफल रही है। चीन भारत का मित्र नहीं हो सकता और वह देश के कारोबार और व्यापार पर कब्जा कर रहा है।

इस बीच, पार्टी मुख्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों के उलमा-ए-इकराम के प्रतिनिधिमंडल ने सपा प्रमुख से मुलाकात की। इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना इकबाल कादरी और प्रदेश अध्यक्ष मो. शकील नदवी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here