सितंबर की शुरुआत उत्तर भारत के लिए बारिश और आपदा की चेतावनी लेकर आई है। राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में लगातार हो रही वर्षा ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर समेत कई इलाकों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में हालात बिगड़े, यमुना खतरे के निशान से ऊपर
लगातार बारिश से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति है। यमुना बाजार क्षेत्र में पानी भर जाने के कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया। NDRF और प्रशासनिक टीमें राहत-बचाव में लगी हुई हैं।
कई राज्यों में स्कूल बंद
भारी बारिश और अलर्ट को देखते हुए नोएडा, गाजियाबाद, चंडीगढ़, शिमला और जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में बुधवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई।
पंजाब: 30 मौतें, 3.5 लाख लोग प्रभावित
भारी बारिश और बाढ़ से पंजाब के 23 जिलों में लाखों लोग प्रभावित हैं। अब तक 30 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। गुरदासपुर, अमृतसर और होशियारपुर सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। सेना और NDRF की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं।
हिमाचल प्रदेश: भूस्खलन से तबाही
मंडी जिले में भूस्खलन से दो मकान ध्वस्त हो गए और छह लोगों की मौत हो गई। राज्यभर में 1,300 से अधिक सड़कें बंद हैं, जबकि कई राष्ट्रीय राजमार्ग भी प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और किन्नौर में ऑरेंज अलर्ट और ऊना-बिलासपुर में येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड: गंगा-नदियाँ उफान पर
देहरादून, नैनीताल और कई जिलों में मूसलाधार बारिश के चलते रेड अलर्ट जारी किया गया है। अलकनंदा, मंदाकिनी और गंगा खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। गौला नदी हल्द्वानी में 20 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। कई जगहों पर बाढ़ की स्थिति बन गई है।
उत्तर प्रदेश: पश्चिम से पूर्व तक बारिश का असर
पश्चिमी यूपी में 3 सितंबर और पूर्वी हिस्सों में 8 सितंबर तक भारी बारिश का अनुमान है। गाजियाबाद और नोएडा में प्रशासन ने सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया है।
राजस्थान और हरियाणा में भी अलर्ट
राजस्थान के कई जिलों में अगले पांच दिन भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दौसा जिले में नहरें उफान पर हैं और सड़कों पर पानी भर गया है। हरियाणा में भी 5 सितंबर तक भारी बारिश और बिजली गिरने का अनुमान है। गुरुग्राम और सोहना में हालात बिगड़े हुए हैं।
ओडिशा: मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी
लगातार बारिश के बीच मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक भारी वर्षा का अनुमान जताया है। समुद्री स्थिति खराब रहने के कारण मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत दी गई है।
क्यों बरस रहा है आसमान?
IMD के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र, हरियाणा और पंजाब के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के टकराव से मानसून की सक्रियता बढ़ गई है। यही वजह है कि उत्तर भारत में लगातार भारी वर्षा हो रही है।