उत्तर प्रदेश में इस साल धान की खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई है। पश्चिमी यूपी में धान की खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होगी, जबकि पूर्वी जिलों में यह 1 नवंबर से होगी। इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया पहले ही 1 सितंबर से चालू है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धान की खरीद 31 जनवरी तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 फरवरी तक जारी रहेगी।
किसानों के लिए जरूरी जानकारी
प्रदेश सरकार ने इस वर्ष धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि की है। कॉमन-2369 और ग्रेड ए धान का रेट 2389 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। धान बेचने के लिए किसानों का पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण खाद्य एवं रसद विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in या मोबाइल एप UP KISAN MITRA के माध्यम से किया जा सकता है। किसी भी सहायता के लिए किसान 18001800150 टोल फ्री नंबर पर कॉल कर सकते हैं।
पश्चिमी यूपी में 1 अक्टूबर से खरीद:
मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, आगरा, अलीगढ़, झांसी संभाग और लखनऊ संभाग के हरदोई, लखीमपुर खीरी व सीतापुर जिलों में धान खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होगी।
पूर्वी यूपी में 1 नवंबर से खरीद:
चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर और प्रयागराज संभाग के साथ ही लखनऊ, रायबरेली व उन्नाव जिलों में धान की खरीद 1 नवंबर से होगी।
पंजीकरण और भुगतान प्रक्रिया
20 सितंबर तक लगभग 10 हजार किसानों ने पोर्टल पर पंजीकरण कर लिया है। पंजीकरण ओटीपी आधारित सिंगल प्रक्रिया के माध्यम से होता है। किसानों को मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी भरकर पंजीकरण करना होता है। भुगतान सीधे आधार लिंक्ड बैंक खाते में किया जाएगा। क्रय केंद्रों पर धान की खरीद पहले की तरह ई-पॉप (इलेक्ट्रॉनिक प्वॉइंट ऑफ परचेज) डिवाइस के माध्यम से, बायोमीट्रिक सत्यापन के जरिए ही होगी।