दिल्ली में 300 नई ई-बसों का उद्घाटन: यमुनापार के लिए 21 नए रूट

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को ईस्ट विनोद नगर बस डिपो से दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर औपचारिक रूप से परिचालन शुरू किया। इन बसों के रूट तय करने में आईआईटी दिल्ली की मदद ली गई है, ताकि बॉर्डर एरिया से लेकर शहर के अंतिम छोर तक यात्रियों को सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुनापार को यह सेवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित सेवा पखवाड़े के तहत दी गई है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार का लक्ष्य ग्रीन दिल्ली-क्लीन दिल्ली है। इसलिए साफ-सुथरी, सस्ती और सुलभ परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। रूटों को आईआईटी दिल्ली ने युक्तिसंगत बनाया है, और अब बसें यात्रियों की मांग के अनुसार चलेंगी।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 साल के भ्रष्टाचार और लापरवाही को सुधारने में समय लगेगा, लेकिन सरकार राजधानी को विकसित दिल्ली बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि डेढ़ साल के भीतर दिल्ली की सभी सार्वजनिक परिवहन बसों को ई-वाहनों में बदलने का लक्ष्य है, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी और शहर पूरी तरह ग्रीन एनर्जी से संचालित होगा।

परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रांस-यमुना क्षेत्र के लिए 21 नए रूट बनाए गए हैं और ये 300 ई-बसें 625 बस स्टॉप से होकर गुजरेंगी। यह रूट रेशनलाइजेशन की पहल राजधानी में पहली बार की गई है और इसे पूरे शहर में लागू करने के लिए विस्तृत अध्ययन जारी है।

केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में राजधानी के सभी विधानसभा क्षेत्रों और वार्डों में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं, जबकि पिछली आप सरकार ने जनता की मूलभूत सुविधाओं के लिए कोई काम नहीं किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, विधायक रविन्द्र नेगी, रविकांत और दिल्ली परिवहन निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here