बिहार में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच कांग्रेस पूरी तरह से सजग है। लॉकडाउन खत्म होते ही बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरणदास पटना पहुंच गए। वे लगातार नेताओं से मिलते रहे। साथ ही कांग्रेस के सभी विधायकों का परेड सदाकत आश्रम में कराया गया। इस परेड को कराने के पीछे की वजह यह है कि हाल के दिनों में लगातार कांग्रेस टूटने की खबर आ रही है। आशंका है कि महागठबंधन का यह घटक दल टूट कर JDU में शामिल हो सकता है।
सोनिया गांधी के सामने भी होगी परेड
बिहार कांग्रेस के प्रभारी भक्त चरण दास लगातार पिछले कई दिनों से सभी विधायकों के संपर्क में हैं। साथ ही कांग्रेस के बड़े नेता भी सभी विधायकों से संपर्क स्थापित करते रहे हैं। इस बीच खबर यह भी आ रही है कि अगले तीन-चार दिनों में सभी विधायकों का परेड सोनिया गांधी के सामने कराया जाएगा।
शनिवार को भास्कर से बातचीत में कांग्रेस प्रभारी ने कांग्रेस में टूट की संभावनाओं से इंकार कर दिया था। साथ ही चिराग पासवान के प्रति हमदर्दी जताया था।
सूत्रों के मुताबिक, अभी तक तारीख तय नहीं की गई है। लेकिन इस हफ्ते किसी भी दिन सभी विधायकों को दिल्ली बुलाया जा सकता है। सोनिया गांधी उनसे मिलकर पार्टी को एकजुट रखने का मंत्र दे सकती हैं। यह मुलाकात 2 दिनों का होगा। जिसमें 1 दिन विधायक मिलेंगे और दूसरे दिन बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मिलेंगे। इसकी जानकारी खुद भक्त चरण दास ने दी है।
LJP में टूट के बाद कांग्रेस सजग
LJP में भारी टूट के बाद कांग्रेस पूरी तरह से सजग हो गई है। LJP टूट से पहले लगातार यह चर्चा थी कि कांग्रेस के 13 विधायक JDU नेताओं के संपर्क में आ चुके हैं और कभी भी पार्टी विधानसभा में टूट सकती है। लेकिन, उससे पहले LJP प्रकरण ने कांग्रेस को समय दे दिया। अब कांग्रेस के बड़े नेता अपने विधायकों को सहेजने में लगे हैं। समय-समय पर सोनिया गांधी का मैसेज भी उन्हें दिया जा रहा है। बिहार के राजनैतिक उथल-पुथल के बीच कांग्रेस अपने आप को बचाने में लगी है।