पर्यावरण व जल संरक्षण के लिए इंदौर शहर में ‘कैच द रेन-2021’ अभियान के तहत इंदौर शहर में बारिश के पानी को सहेजने के लिए दो चरणों में अभियान चलाया जाएगा। आयुक्त प्रतिभा पाल के मुताबिक इंदौर में दो चरणों में यह अभियान चलाया जाएगा। प्रथम चरण 22 मार्च से 30 सितंंबर 2021 तथा द्वितीय चरण दिनांक एक अक्टूबर से 30 नवंंबर 2021 तक जल संसाधन विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, पर्यावरण विभाग के साथ मिलकर जिला कलेक्टर के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जाएगा।
इस अभियान के लिए शहरी क्षेत्र में कार्य सुविधा की दृष्टि से कार्यपालन यंत्री सुनील गुप्ता को नोडल अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। इस अभियान के तहत बारिश के पानी को सहेजने के लिए खुले स्थान एवं बगीचों में जल संवर्धन पिट का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा मल्टियों व घरों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग (छतीय जल का संवर्धन), नदी किनारे व खुले स्थानों पर वृक्षारोपण, तालाबों में पानी के आवक वाले चैनलों की सफाई, शहरी क्षेत्रो में तालाबों का कायाकल्प, प्रसंस्कृत वेस्ट वाटर का पुर्नउपयोग, हरित क्षेत्र व पार्क का निर्माण जैसी कई गतिविधियां की जाएगी। इसके अलावा पूर्व में सरकारी संस्थान, बगीचों, धार्मिक स्थानों में किए गए जल जमाव क्षेत्रों में जल संवर्धन का काम किया जाएगा।