‘डॉक्टर्स डे’ पर भारत रत्न डॉ. बी.सी. रॉय की याद

हर वर्ष पहली जुलाई को देश में ‘डॉक्टर्स डे’ मनाया जाता है। जनसाधारण को शायद ही पता हो कि भारत के महान् चिकित्सक, शिक्षाविद, पत्रकार एवं राष्ट्रभक्त डॉ बिधान चंद्र रॉय की स्मृति में यह दिवस मनाया जाता है। यह संयोग ही है कि डॉ. बी.सी.रॉय का जन्म भी पहली जुलाई को हुआ और निधन भी पहली जुलाई को हुआ। उनका जन्म 1 जुलाई 1882 को बांकीपोर पटना (बिहार) में हुआ था और मृत्यु 1 जुलाई 1962 को कोलकाता में हुई।

डॉ बी.सी.रॉय ने कोलकाता तथा इंग्लैंड में मेडिकल की उच्च शिक्षा ग्रहण की। वे एम.डी तथा एम.आर.सी.पी व एफ.आर.सी.एस थे। मेडिकल कॉलेज में अध्यापन छोड़ कर गांधी जी के अवज्ञा (सिविल नाफरमानी) आंदोलन में शरीक हो गए तथा 1930 में गिरफ्तार किये गए। 1934 में बंगाल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बने। नेताजी सुभाष चंद्र बोस से संपर्क होने पर विचारों में परिवर्तन हुआ और कांग्रेस छोड़ दी। 1942 में कलकत्ता विश्वविद्यालय के उप-कुलपति बने। इसी के साथ आपने टी.बी.अस्पताल, चितरंजन सेवा सदन, कमला नेहरू अस्पताल, विक्टोरिया इंस्टीट्यूट, चितरंजन कैंसर अस्पताल की स्थापना की।

गरीबों, ग्रामीणों, बेसहारा लोगों की सेवा हेतु निजी चिकित्सालय खोला। तत्कालीन प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू के आग्रह पर 4 जनवरी 1948 को पश्चिमी बंगाल का मुख्यमंत्री पद स्वीकार किया और मृत्यु पर्यंत इस पद पर बने रहे। निर्बाद जनसेवा के लक्ष्य को ध्यान में रख अविवाहित रहे और मुख्यमंत्री रहते हुए भी प्रति रविवार मरीजों को नि:शुल्क देखते थे। अपना क्लीनिक व सम्पत्ति राष्ट्र के नाम लिख दी थी। डॉ. बी.सी रॉय को आधुनिक बंगाल का निर्माता माना जाता है। सन् 1971 में डॉ. बी.सी. रॉय को भारत रत्न के उच्च सम्मान से नवाजा गया।

डॉ. बी.सी. रॉय ने जन सेवा की अद्भुत मिसाल पेश की है जो चिकित्सक समाज के लिए अनुकरणीय है। भारत में डॉक्टर को भगवान का रूप माना जाता है किन्तु यदि देश के सभी डॉक्टर्स उनके आदर्शो का अनुसरण करते तो कोरोना काल में मरीजों के साथ लूटमार न हुई होती। फिर भी निष्ठाभावी अनेक चिकित्सकों तथा नर्सिंग स्टाफ में कोरोना काल में कर्तव्यों का पालन करते हुए अपनी जान न्योछावर कर दी जिनका राष्ट्र सदा आभारी रहेगा।

डॉक्टर दिवस पर हम इन कर्तव्यनिष्ठ चिकित्सकों व पैरा मेडिकल स्टाफ को श्रद्धा से नमन करते हैं।

गोविंद वर्मा
संपादक देहात

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here