हरियाणा के हिसार जिले में रविवार को किसानों ने भाजपा के दो कार्यक्रमों का विरोध किया। किसानों ने उकलाना में राज्यमंत्री अनूप धाणक के पौधरोपण कार्यक्रम व अग्रोहा के पास काजलां गांव में भाजपा मंडल स्तरीय कार्यक्रम का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया।
राज्यमंत्री अनूप धाणक ने विरोध की संभावना को देखते हुए अपना कार्यक्रम सुबह 10 बजे की बजाय 8:45 बजे पर ही शुरू कर दिया था। लेकिन जैसे ही कार्यक्रम की सूचना एरिया के लोगों तक पहुंची तो देखते ही देखते विरोध करने के लिए काफी किसान जमा हो गए। किसानों ने कार्यक्रम के बहिष्कार को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी।
उपमुख्यमंत्री और राज्यमंत्री के पोस्टरों पर कालिख पोतते किसान।
विरोध को देखते हुए राज्यमंत्री फोटो सेशन करवाकर निकल गए। इसके बाद भी किसानों का विरोध जारी रहा और गुस्साए किसानों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और राज्यमंत्री अनूप धानक के पोस्टरों पर कालिख पोत दी। यह देखकर पुलिस ने सतीश बिठमड़ा और युवा किसान नेता सतीश जांगड़ा को हिरासत में लिया, लेकिन कुछ देर बाद ही रिहा कर दिया।
काजलां में भाजपा कार्यक्रम का विरोध
अग्रोहा मंडल के काजलां गांव में किसानों ने भाजपा कार्यक्रम का विरोध किया। काजलां गांव की धर्मशाला में भाजपा का मंडल स्तरीय कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट भी मौजूद थीं। जब गांव के लोगों को इसकी सूचना पहुंची तो काफी संख्या में लोग विरोध करने के लिए वहां पहुंच गए। हालात देखते हुए हिसार से पुलिस बल को काजलां गांव में भेजा गया और भाजपा वर्कर व नेताओं को वहां से रवाना किया गया।